Powered By Blogger

Tuesday, 5 December 2017

सफलता

सफलता



सफलता क्या है ? शायद हर किसी की सफलता की एक अलग ही परिभाषा है, कोई विफ़ल ना होने को ही सफलता मानता है तो कोई विफल होने के बावज़ूद अपने आप को सफल समझता है ये कह कर कि इस नाकामी से उसने एक अच्छा सबक सीख लिया, यह भी तो सफलता ही है।  कोई कहता है कि मैंने अपने दम पर अपने आप को समाज में स्थापित किया है तो ये सफलता है वहीँ कोई कहता है कि मुझे समाज में कोई नहीं जानता परन्तु मेरे बिज़नेस में सब मुझसे ही सलाह लेने आते हैं, यही सफलता है।
जहाँ एक अपनी गाड़ियां, अपने बंगले और अपने विदेश में पढ़ते, रहते बच्चों और भाई बहन की गिनती करने को सफलता कहता है वहीँ दूसरा अपने भाई-बहन और बच्चों के साथ रहने को ही सफलता मानता है।  एक और जहाँ ये कहावत हुआ करती थी कि "तुम चुपचाप अपना काम करो, तुम्हारी सफलता शोर मचा देगी" आजकल इसके ठीक विपरीत लोग काम करते हैं।  चूँकि लोगों को अपनी नयी गाड़ी दिखानी होती है इसलिए सबसे पहले उसका सीलेंसर उतार कर "लॉउडर" लगवाया जाता है ताकि लोग-बाग आते जाते उनकी गाड़ी या मोटरसाइकिल की तरफ़ मुड़ कर देखें। ये सब अपनी सफलता दिखाने के लिए ही किया जाता है।

मुझे यहाँ मेरे एक व्यापारिक मित्र की बड़ी याद आती है वह कहा करता था -
"काम करो या ना करो, फ़िक्र ज़रूर करो
और फ़िक्र भी करो या ना करो ज़िक्र ज़रूर करो"

यहाँ भी सिर्फ दिखावे की ही बात हो रही है, कि आप सफल हैं या नहीं इससे ज़्यादा ज़रूरी है कि आप सफल नज़र आने चाहिए।आप आज कल हर जगह नज़र आते हैं तो आपको सफल माना जाता है, अगर आपको शहर के कुछ ख़ास लोगों के साथ उठते-बैठते देखा जाता है तो आप सफल हैं, अगर आप सोशल मीडिया पर लगातार अपनी तस्वीरें डालते रहते हैं तो आप सफल हैं, अगर आप शहर के बड़े होटल में आते-जाते हैं तो आप सफल हैं।  

चलिए, चलते-चलते मैं  सफलता को परिभाषित कर ही देता हूँ अपने हिसाब से , मेरे अनुसार अगर आपको अपने द्वारा किये गए काम से तसल्ली मिलती है, सुकून मिलता है और किसी को बताने में झिझक या शर्म नहीं आती तो आप सचमुच सफल हैं, बाकी ये गाड़ियां, बंगले सब मायने नहीं रखते अगर आपको खुद के किये काम से संतुष्टि मिलती है। आज के लिए इतना ही। 


               || इति || 

No comments:

Post a Comment