धर्म एक ढाई अक्षर का शब्द मात्र है लेकिन इसका सही अर्थ अगर समझ आ जाये तो ये अमुल्य हो जाता है। धर्म सिर्फ मंदिर, मस्जिद,गिरजा, गुरूद्वारे में जाना और शीश झुकना नहीं है बल्कि एक तरह का संदेश है कि आपको किस तरह का जीवन व्यतीत करना चाहिए। आपकी समाज, परिवार और दोस्त-नातेदारों के प्रति क्या जिम्मेदारी है बस यही धर्म है, अगर एक व्यक्ति दिन भर गलत या अनैतिक कर्म करने के बाद किसी पूजास्थल पर रोज़ाना जाता है तो लोग उसे बड़ा धार्मिक मानते हैं और वहीँ अगर कोई बिना किसी पूजा घर में गए सबकी मदद को हमेशा तत्पर रहता हो तो लोग उसे सलाह भी और ताने भी देते हैं कि कभी-कभी मंदिर गुरूद्वारे में भी जाना चाहिए। अब बताओ यह पूजा स्थल पर आना-जाना तो सिर्फ दिखावा ही रह गया।
यहाँ मुझे आम घरों में नज़र आने वाली छिपकली की याद आ गयी, क्यूंकि वो भी रात भर दर्जनों कीड़े-मकोड़े हजम करने के बाद घर में टंगी किसी धार्मिक तस्वीर के पीछे छुप जाती है। यह धार्मिक दिखावा करने वाले लोग भी तो ऐसे ही होते हैं।
असल में धर्म तो अलग-अलग हैं परन्तु सबकी शिक्षा एक ही है और सभी नैतिकता ही सिखाते हैं जैसे किसी दूसरे का बुरा मत सोचो, करना तो दूर की बात है, दूसरे की इज्जत करो, दूसरों के साथ द्वेष भाव मत रखो, समाज में गरीबों और पिछड़ों की मदद करो, झूठ न बोलो और धर्म की पालना करो। सभी के सभी धर्म यह संदेश ही देते हैं फिर भी यहाँ धर्म के नाम पर हो रहे कर्म-काण्ड ज़्यादा हैं और धर्म की पालना कम।
अभी कल की ही बात है, मेरे घर के बाहर धर्म के नाम पर एक जागरण का आयोजन किया गया, अच्छी बात है, पर इससे कितने लोगों को असुविधा हुई यह गलत बात है। सबसे पहले यहाँ के आयोजक ने दो-तीन गलियां बंद कर दीं फिर सरकारी बिजली की चोरी करते हुए पूरे इलाके में लड़ियाँ लगवा दीं, ऊपर से तम्बू-कनात लगाने के लिए जो पक्की सड़कें खोदी वो अलग। अब यहीं पर रुक गया होता तो भी ठीक था जो रात भर बड़े-बड़े भोंपू लगा कर फ़िल्मी गानो की धुन पर भोंडी सी आवाज़ में जो भजन गए और आसपास रहते बुज़ुर्गों और बच्चों, जिनकी सुबह परीक्षा भी थी, को परेशान किया वह तो सरासर नाइंसाफी ही थी। अब अगर इनको कोई रोके तो वो अधर्मी और पापी, उसे तो धर्म की कोई इज्जत ही नहीं है।
हमारे नेताओं ने धर्म का अर्थ बदल कर रख दिया और अब असली धर्म को तो कोई नहीं जानता हाँ, अपने जात और वर्ण के गुरुओं द्वारा दिए गए प्रवचनों को ही धर्म मान लिया गया है। देखा जाए तो सड़क पर चलने का भी एक धर्म होता है, सलीका होता है अब उसको तो कोई नहीं मानता पर जहाँ बात किसी की जात पर आ जाए तो बवाल खड़ा हो जाता है।
चलिए, अब मैं भी लिखना बंद करता हूँ आज के लिए इतना ही।
|| इति ||
No comments:
Post a Comment