Powered By Blogger

Thursday, 14 July 2016

बस थोड़ा और !!



आज के समय में हर इंसान बस यही सोच के अपनी ज़िंदगी खींचता चला जा रहा है कि बस थोड़ा और।  बात चाहे किसी आम मध्यम वर्गी लोगों की हो या किसी धनाड व्यक्ति की या फिर किसी गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले की ही क्यों न हो, हर कोई यही सोचता रहता है कि बस थोड़ा और हो जाता या मिल जाता तो बस बात ही बन जाती।  अगर कोई हर महीने दस हजार कमाता है तो पहली चाह यह ही होगी के बस साल में बारह की जगह तेरह तनख्वाह अगर मिल जाएँ तो क्या ही बात है, इसी तरह  महीने का लाख रुपए कमाता है उसकी यही चाह है कि किसी तरह से एक और लाख का इंतज़ाम हो जाए तो मज़ा ही आ जाए ठीक इसी तरह से अगर कोई बहुत बड़ा उद्योगपति है जिसके दस कारखाने हैं वो यह कामना करता है कि बस एक और कारखाना लग जाये तो बस बात बन जाये और तो और अपने नेता भी यही सोच रहे होते हैं कि बस एक चुनाव और जीत जाऊं तो बाकी की उम्र आराम से कट जाएगी, और बस इसी मृगतृष्णा में हम सब अपने काम में जुटे रहते हैं और शायद वो दिन कभी आता ही नहीं जिस के इंतज़ार में हम सारी ज़िंदगी निकाल देते हैं।

ये सोच हमें बचपन से ही हमारे माता-पिता जन्मघुट्टी की तरह चटाते रहते हैं और हम अपने बच्चों को और हमारे बच्चे अपने बच्चों को ....  बचपन से ही हमें उम्मीद में जीना सिखाया जाता है, अगर किसी दिन स्कूल में नंबर कम आते हैं तो माँ बाप समझाते हैं की बेटा थोड़ी मेहनत और कर तो अगली बार अच्छे नंबर आयेंगे और बस यहीं से ये चूहा दौड़ (RAT RACE ) शुरू हो  और फिर सारी ज़िंदगी कब निकल जाती है, पता ही नहीं चलता।  फिर एक दिन जब माता - पिता , भाई-बहन , कुछ दोस्त और कुछ करीबी रिश्तेदार जब साथ छोड़ जाते हैं तो तब जाके इंसान सोचना शुरू करता है कि उसने क्या कमाया और क्या खोया और अब ये एहसास होता है कि पाया तो बहुत कम था पर खोया बहुत ज़्यादा है।

दोस्तों मैं कोई प्रवचन नहीं करना चाहता बस इतना ही कहना चाहता हूँ कि इस थोड़े और की दौड़ कभी भी ख़त्म नहीं होने वाली ख़त्म तो समय होता जा रहा है,तो क्यों ना  समय का सही उपयोग किया जाए और जितना भी हो सके इसे अपनों के साथ गुज़ारा जाये और वहां कहा जाए "बस थोड़ा और"


आज इतना ही ...... 

No comments:

Post a Comment