आजकल दो बातें बहुत ज़्यादा चर्चा में हैं , पहला उड़ता पंजाब और दूसरा पहलाज निहलानी। दोनों की वजह एक ही है - "सच" , जहाँ एक तरफ उड़ता पंजाब में निर्देशक आज के पंजाब का सत्य दिखाना चाहता है वहीँ दूसरी तरफ मियाँ पहलाज एक चाटुकार बन इसके खिलाफ खड़े हो गए हैं। मैं ये मानता हूँ कि श्री अभिषेक चौबे (निर्देशक ) और श्री अनुराग कश्यप / बालाजी फिल्म्स (निर्माता ) ने ये फिल्म पक्के तौर पे पैसे कमाने के लिए ही बनाई है , देशभक्ति या लोगों जागरूक करने के लिए नहीं फिर भी निहलानी साहिब को कोई हक़ नहीं होना चाहिए इस फिल्म के नाम के बारे में या कहानी में कोई काट-छांट करें।
निहलानी साहिब की हालत घर के उस बज़ुर्ग की तरह हो गयी है जो बहुरानी तो घूँघट के बगैर बर्दाश्त नहीं कर सकता पर उसका खुले में शौच जाना उसे बड़ा भाता है। ये साफ़-साफ़ दोहरे मापदंड वाली बात हो गयी कि हम असल में तो सब कुछ देख सकते हैं पर फिल्म में नहीं। क्यों भाई सच चुभता है क्या या बिल्ली देख के आँखे बंद कर ली हैं ? जब फिल्म गंगाजल आयी थी तो उसमें बिहार के हालातों को दिखाया गया था,तब कहाँ थे ये निहलानी साहिब ?
और तो और आज अगर आप पंजाब में किसी भी शादी-ब्याह या किसी की गाडी में चल रहे गानों को सुने तो वो कुछ इस तरह के हैं -
1. मैनू सोहनंएा फीम दे वरगी नूं रखीं चांदी दी डब्बी विच पा के (मैं अफीम के जैसी हूँ, मुझे चांदी की डिब्बी में सम्भाल के रखना)
2. इक्क छड्ड गयी तूं दूजा मुक्क चली फीम (एक तो तुम मुझे छोड़ गयी दूसरा अफीम भी खत्म होने वाली है )
3. फेर न चिट्टे ते ला दईं पुत्त जट्ट दा (मुझे छोड़ के ना जाना और फिर से जाट के बेटे को ड्रग्स पे न लगा देना )
जब ये गाने आते हैं तो सेंसर बोर्ड कहाँ चला जाता है तब तो सारे के सारे ब्याह-शादी में इन्हीं गानों पर घंटों भोंडा डांस करते रहते हैं , क्यूंकि आज ये फिल्म एक सत्तारूढ पार्टी का एक छोटा सा सच दिखाना चाहती है इसलिए सारे नेतागण इसके खिलाफ एकमत होने लगे हैं। अगर इन नेताओं को इतना ही फिक्र हो रहा है तो इस फिल्म को रोक दो पर इसके साथ ही इस ड्रग्स माफ़िया को भी तो पकड़ो। देश और समाज के हित में ये कुर्बानी भी दी जा सकती है !
आप के विचारों की प्रतीक्षा में.....

No comments:
Post a Comment