अभी कुछ दिन पहले मेरे कुछ दोस्त जिनके साथ मैं लगभग इकत्तीस साल पहले स्कूल में पढ़ा करता था, अचानक कहीं मिल गए। बड़ा मजा आया उनके साथ पुरानी बातें याद करके। उन्ही से पता चला की कौन सा दोस्त कहाँ पर है , बातें करते-करते ख्याल आया कि क्यों न एक बार फिर से मिला जाये। सवाल ये आया कि कैसे तैयारी की जाये , तो एक दोस्त ने सबसे पहले एक चैट ग्रुप स्थापित किया जिसमे जो भी शामिल हुआ वह आगे किसी न किसी को इस ग्रुप में शामिल कर था, लगभग एक हफ्ते में हमारे इस समुह में बीस लोग शामिल हो थे। अब तो दिन रात , सुबह-शाम अपने पुराने दोस्तोँ से बाते होने लगी थी , बड़ा मज़ा भी आ रहा था पुरानी बातों को याद करके , रोज़ कोई न कोई पुरानी मज़ेदार बात याद करा देता और फिर घंटों उस पर चर्चा होती। इस बीच जो दो-एक दोस्त कभी आपस में मिलते तो अपनी ताज़ा फोटो ग्रुप में भेज देते इससे सबकी मिलने की इच्छा और भी बढ़ने लगी।
एक दिन मैंने सुझाव दिया कि क्यों ना अपने स्कूल में ही मिल लिया जाये पर जैसे उस सुझाव पर कोई ज़्यादा प्रतिक्रिया नहीं आई सिर्फ एक-दो लोगों ने इसे ठीक बताया की इस तरह से एक तो पुरानी यादें और भी निखर के आएँगी और इस तरह मिलने से किसी को झिझक भी नहीं होगी , लेकिन कुछ दोस्त जो यह साबित करना चाहते थे की वो कुछ बन चुके हैं इसी बात पे अड़े हुए थे की अगर मिलें तो कुछ खाना-पीना तो होना ही चाहिए , पीना खास तौर पर। करते-करते वो दिन भी आ ही गया जिस दिन सब लोगों को एक बड़े से होटल में मिलना था, पर उस दिन ज़्यादातर दोस्तों ने अपनी व्यस्तता का बहाना बना दिया। असल मैं हर कोई मिलना तो चाहता था पर सभी अब वो स्कूल वाले विद्यार्थी नहीं रहे , कोई बहुत धन कमा के कुछ बन चूका था और कोई अभी भी अपने खराब हालातों से झूझ रहा था ऐसे में जहाँ एक दोस्त को होटल में आना-जाना एक बड़ी ही साधारण सी बात लगती थी वहीँ दूसरे के लिए वो एक हफ्ते का घर का खर्चा हो सकता था।
दोस्त तो अब भी वैसे ही थे पर हालात बदल चुके थे , वो पहले वाली एक जैसी वर्दी अब ब्रांडेड कपड़ों में बदल चुकी थी , वो एक ही टिफिन से खाना खाने वाली बात अब प्लेट सिस्टम और बुफे में बदल चुकी थी। वो पुरानी साइकिल अब बड़ी-छोटी गाड़ियों की शक्ल ले चुकी थी। वो एक बेंच पे बैठ के पढ़ने वाली बातें अब बड़े वातानुकूलित दफ्तर में तब्दील हो गयी थी। फिर भी दिल के किसी कोने में वो पुराने दोस्तों से मिलने की इच्छा और उसी पुरानी दोस्ती की यादें, आज की तेज ज़िंदगी और घरेलु जरूरतों के सामने दब के रह गयी थी......
ज्यादातर दोस्त अब भी चैट ग्रुप में सिर्फ शामिल ही हैं , वोह आपस में बात-चीत तो करते हैं पर मिलते नहीं। खैर शुक्र है की हमें पता तो है की हमारे सहपाठी कहाँ हैं और क्या करते हैं, भला हो इस नयी तकनीक का जिसने हमारे बढ़िया वाले दिनों को जीवंत कर दिया।
बीते हुए दिन !!

No comments:
Post a Comment