सुरिंदर
सिंह और जसबीर कौर जी के तीन बेटे और दो बेटियां थीं। जहाँ सुरिंदर जी
रेलवे में एक उच्च अधिकारी के ओहदे से रिटायर हुए थे वहीँ पत्नी जसबीर कौर
भी सरकारी स्कूल से टीचर रिटायर हुईं थीं। घर में अच्छी ख़ासी पेंशन आती थी
इसलिए घर हर तरह की सुख-सुविधाओं से भरा हुआ था। कमी थी तो सिर्फ़ बच्चों
की या फिर सब से छोटे बेटे करमजीत की शादी की। करमजीत, जिसे सभी लोग करमा
या घर में छोटू कहते थे, ने शादी नहीं की और यहीं पास के एक कारख़ाने में
काम करता था, बस माता-पिता की सेवा में लगा रहता।
बड़े बेटे
जोगिन्दर ने तो बहुत साल पहले ही देश छोड़ दिया था और अब कभी कभी दस साल में
एक बार घर आना होता था। उससे छोटी दोनों बहने रंजीत कौर और मंजीत कौर थीं
तो देश में ही लेकिन साल में मुश्किल से एक बार घर आना होता। इनके बाद
बेटा मोहिंदर भी नौकरी के सिलसिले में घर से बाहर ही रहा और अब भी किसी
दूसरे शहर में सेटल हो गया, घर आना बहुत कम होता गया। बचा करमा तो वह ना
तो बहुत पढ़ सका और ना ही कभी ख़ुद के बारे में सोच सका, बस माँ बाप के साथ
रह गया।
लगभग दस साल पहले जब जसबीर कौर का देहांत हुआ तो जोगिन्दर
तो किसी वजह से आ नहीं सका था बाकी के बच्चे आए थे और दो तीन दिन रह कर
पिता सुरिंदर सिंह को हर तरह के दिलासे और हर महीने आने का वादा कर के चले
गए। अगले साल जोगिन्दर भी आया और जाने कितने ही झूठे दिलासे देता हुआ दो
हफ़्ते रह कर वापिस चला गया। अब पिछले दस साल से छोटू ही अपने पिता की
देखभाल कर रहा था। कभी किसी डॉक्टर के पास आना जाना होता तो छोटू के साथ
ही जाते, छोटू उस दिन छुट्टी लेता या फिर किसी और तरह से समय निकाल कर उनके
साथ जाता।
पिछले कुछ दिनों से सुरिंदर कुछ बीमार चल रहे थे तो
उन्होंने सभी बच्चों को ख़ुद फोन करके अपने पास बुलाया और साथ ही में हिदायत
भी दी कि थोड़ा खुला समय ले कर आना। एक-एक कर सभी बच्चे इकठ्ठे हो ही गए,
सब यह ही सोच रहे थे कि पापा ने अपनी ज़ायदाद का बँटवारा करना होगा। एक दिन
जब छोटू किसी काम से बाहर गया हुआ था तो चारों भाई-बहन बैठे सलाह कर रहे थे
तो सबसे पहले जोगिन्दर ने कहा कि मुझे पापा से कुछ नहीं चाहिए, मेरा
हिस्सा मैं छोटू को देना चाहता हूँ। दूसरे भाई मोहिंदर ने भी यही बात
दोहराई और अपना हिस्सा छोटू को देने की बात कही। दोनों बहने थोड़ा संकोच
में थीं। रंजीत ने कहा कि मम्मी के सोने के गहने तो मैं ज़रूर लूंगी, मम्मी
की याद तो मेरे पास रहनी ही चाहिए। मंजीत ने कहा कि उसे भी मकान में से
कुछ नहीं चाहिए पर मम्मी ने मुझे वादा किया था कि जड़ाऊ हार और कंगन मेरी
बेटी के लिए रखे हैं, इसलिए वोह तो मैं किसी हाल में नहीं छोडूंगी। चारों एक दूसरे को बताने लगे कि पापा ही सारा ख़र्चा करते हैं, छोटू का तो एक भी पैसे का ख़र्चा नहीं होता। सारी पेंशन छोटू ही तो खाता है, काम तो कोई ख़ास करता नहीं है, पूरी मौज है उसकी तो! न कोई घरवाली का फ़िक्र, ना बच्चों की टेंशन ! भगवान ऐसी ज़िंदगी सब को दे।
बस
इसी रात सुरिंदर जी ने आखिरी साँस ली और छोटू को चारों बड़े भाई-बहनों के
आसरे छोड़ गए। सभी नज़दीकी और दूर के रिश्तेदार, दोस्त और जान पहचान वाले
आये और अगले एक हफ्ते में सभी अंतिम संस्कार निपटा दिए गए। जब सब कुछ हो
गया तो एक दिन पूरा परिवार एक साथ बैठा और छोटू की जिम्मेदारी की बात करने
लगे। घर में सबसे बड़ा होने के नाते जोगिन्दर ने सबसे पहले अपना फैसला
सुनाया और अपना हिस्सा छोटू को देने की बात कही, मोहिंदर ने भी अपना फैसला
दोहराया और फिर एक-एक करके दोनों बहनों ने भी। छोटू जो अब तक चुप बैठा था,
सुबकने लगा और सुबकते हुए अपने कमरे की तरफ चलने लगा। जोगिन्दर ने आवाज़
लगाई तो "अभी आया भाजी" कह कर आगे बढ़ गया।
लगभग दस मिनट बाद जब
करमजीत, करमा उर्फ़ छोटू वापिस आया तो उसके हाथ में कुछ फाइल पकड़ी हुई थीं,
सबको एकबारग़ी लगा कि शायद कोई हिसाब-किताब होगा या फिर कोई बिल जिनका
भुगतान रहता होगा। रंजीत सबसे पहले बोली "छोटू, सब कुछ तो तुझे दे रहे हैं
अब यह छोटे-मोटे बिल का भुगतान ख़ुद ही कर लिया कर !" छोटू कुछ नहीं बोला बस
एक-एक फाइल सबके सामने रख दी। मंजीत कौर ने लपक कर वह फाइल खोली तो उसमे
कुछ बैंक की ऍफ़ डी थीं जिन पर उसके बच्चों का नाम लिखा हुआ था। ठीक ऐसा ही
सभी की फाइलों में था, सब के बच्चों के नाम के बैंक खाते और फिक्स्ड
डिपाजिट। मोहिंदर ने पूछा, यह पापा ने कब करवाया और हमें अब तक बताया
क्यों नहीं?
छोटू बोला "पापा मुझे हर छोटे-बड़े खर्च के पैसे देते
थे पर मैं उन पैसों को कहीं भी इस्तेमाल नहीं करता था बल्कि आप सबके बच्चों
के नाम पर बैंक में जमा करा देता था, पापा मम्मी की देखभाल मैं खुद के
कमाए पैसों से करता आया हूँ। मुझे यह मकान या मम्मी के ज़ेवर, गहने नहीं
चाहिए, यह सब आप रखो। मैं जहाँ काम करता हूँ, मैं वहीँ रहना चाहता हूँ, जब
कभी किसी का मन करे, आ कर मिल जाना।" छोटू बोलता जा रहा था और सब
आत्मग्लानि से मरे जा रहे थे। "आप सबने मेरे लिए जो कुछ भी किया, उसके लिए
शुक्रिया। आप लोगों ने जब भी कोई पैसे मुझे भेजे, उन सबका भी हिसाब इस
फाइल मैं है। पापा-मम्मी मुझे इस दुनिया में लाए, आप जैसे भाई-बहन दिए
उसके लिए मैं उनका एहसानमंद हूँ। आप सब जाने से पहले इस घर और गहने जो कि
बैंक में रखे हैं, उनको आपस में बाँट लेना। मेरी वसीयत भी यहीं पर रखी है,
मेरे मरने के बाद मैंने अपनी देह दान का फ़ैसला कर लिया है इसलिए मेरे मरने
पर किसी तरह का मातम मनाने की कोई ज़रुरत नहीं है आप सब अपने काम और परिवार
पर ध्यान दें और मेरा फ़िक्र छोड़ दें। "
अचानक से छोटू बहुत बड़ा
हो गया लग रहा था चारों भाई-बहनों को। अब तक यह सब बड़े दानवीर बन रहे थे
पर असली महानता तो छोटू ने दिखाई। छोटू ने अपने नाम करमजीत को सही ढंग से
सार्थक कर दिखाया था, उसने अपने बारे में कभी भी नहीं सोचा बस हमेशा दूसरों
के बारे में ही सोचते हुए ज़िंदगी गुज़ार दी। अक्सर हम लोग दूसरे लोगों, रिश्तेदारों की हैसीयत का अनुमान उनके घर, कार या कपड़ों से लगाते हैं, उनके कर्मों या उनके विचारों से नहीं और यही हमारी गलती होती है इंसान को पहचानने की। हम सब अपने आप को बड़ा दिखाने में इतने मसरूफ हैं कि हम दूसरे के विचार समझना तो दूर, सुन भी नहीं पाते और उन्हें ग़लत अलग़ बताते हैं। न जाने कितने ही छोटू इस दुनिया में हैं जिन्हे हम लोग देख नहीं पाते और जब वह सामने आते हैं तो उनका किया काम हम यूँ ही दुत्कार देते हैं कि इसमें कौन सी बड़ी बात हो गयी? मैं होता तो मैं भी तो ऐसा ही करता, कह कर उन छोटुओं को और छोटा कर देते हैं।
बचपन में भाई बहन एक दूसरे के सलाहकार, राज़दार होते हैं,
फिर सबकी शादी हो जाती है और यह भी रिश्तेदार हो जाते हैं !
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script><script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({enable_page_level_ads: truegoogle_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });

No comments:
Post a Comment