Powered By Blogger

Thursday, 9 July 2020

मास्क वाली नानी



जब से इस कोरोना नाम की महामारी और इन मतलबखोर नेताओं ने देश को घेरा है तब से आये दिन हम एक से एक नकारात्मक और भयानक ख़बरें सुनते आ रहे हैं।  कहीं कई लोग इलाज के आभाव में मर गए, कहीं किसी ने बदइंतज़ामी की वजह से दम तोड़ दिया तो कहीं किसी ने अपनी नौकरी जाने या काम न मिलने पर आत्मदाह कर लिया।  बड़ा दुःख लगता है ऐसी ख़बरें पढ़-सुन कर पर अक्सर इस सब के बीच कोई न कोई जाबांज चरित्र ऐसा भी उभर कर सामने आता है जो कई लोगो के लिए प्रेरणादायक प्रसंग बन जाता है।  फिर भले ही वह अफसरशाही की असफ़लता के मुँह पर तमाचा मारते हुए एक बच्चे द्वारा हज़ारों मील साइकिल चला कर घर पहुंचने की ख़बर हो या फिर किसी असहाय, लाचार द्वारा आम जनमानस को पहुंचाई गयी मदद ही क्यों न हो।

शहर के सबसे पुराने इलाक़े के एक पुराने से घर में रहती बज़ुर्ग विधवा अमर कौर की कहानी भी ऐसी ही प्रेरणा देती है।अमर कौर जिसे मोहल्ले के ज़्यादातर लोग अमरो कह कर बुलाते हैं, कभी एक भरे-पूरे घर की बहु बन कर इस घर में आयी थी। तब यह घर छोटा सा नहीं था बल्कि यह एक हवेली हुआ करती थी जिसमें चार भाई और एक साथ रहते थे। सबका अलग़-अलग़ कारोबार था और सब एक साथ एक ही रसोई में पकाते-खाते थे। फिर धीरे-धीरे सब अपना हिस्सा लेते गए और अलग होते गए। चार में से तीन भाई अपना हिस्सा बेच कर नयी बसाई कॉलोनियों में चले गए और अमर कौर अपने पति और इकलौते पुत्र के साथ यहीं इस हिस्से में रह गए।

समय ने पहले पुत्र और फिर पति भी छीन लिया और अमर कौर, अमरो बन कर हवेली के इस हिस्से में जाने कब से रह रही है। अमरो ने आजीविका कमाने के लिए दहेज़ में लायी गयी कपड़े सीने वाली मशीन का सहारा लिया और आस पड़ोस की औरतों के कपड़े सीने शुरू कर दिए। इस से दो फ़ायदे हुए एक तो उसका मन लगा रहता दूसरा उसे अच्छी कमाई भी होने लगी और उसकी गुजर बसर लगभग ठीक से होने लगी।  उम्र के साथ काम करने की क्षमता कम होती गयी पर फिर भी इतना तो काम मिल ही जाता था कि घर ख़र्च जितने पैसे कमाए जा सकें। कभी एक दो महीने अगर काम नहीं भी होता तो सारा दिन कुछ पढ़ती रहती या फिर घंटों दरवाज़े में बैठ कर आते जाते लोगों को देखती रहती।

मार्च महीने में जब कोरोना की वजह से लॉकडाउन हुआ तो दो-तीन सूट सिलने के लिए पड़े हुए थे। उनको सिल तो दिया पर कोई लेने के लिए नहीं आया और अप्रैल के महीने में तो कोई नया सिलवाने भी नहीं आया।  घर पर अख़बार भी नहीं आ रही थी और दरवाज़े पर बैठ कर कोई आता जाता भी कम ही नज़र आता था इसलिए बड़ी बोरियत  महसूस करने लगी थी अमरो। फिर एक दिन एक सब्ज़ीवाला आया तो उसने मास्क नहीं पहना हुआ था तो अमरो ने उसे कहा कि तू कल आना मैं तुझे मास्क सिल दूँगी। बस फिर क्या था अमरो को तो जैसे नया काम मिल गया हो उसने झटपट पुरानी बची हुई कतरनों से मास्क बना कर बांटने शुरू कर दिए।  कभी कोई सब्ज़ी वाला, कोई सफ़ाई वाला या फिर कोई मांगने वाला ही क्यों ना हो, वोह बिना भेदभाव सबको मुफ़्त में मास्क बाँटने लगी।


मई महीने में ही अमरो ने दो सौ से ज़्यादा मास्क ख़ुद मुफ़्त में बाँट दिए होंगे। जून के महीने में यह गिनती अचानक से बढ़ कर छह सौ को पार कर गयी। मोहल्ले के छोटे मोटे नेता टाइप लड़के इनसे मास्क बनवा कर ले जाते और अगले दिन अख़बार में खुद की फ़ोटो छपवाते, अमर कौर का कहीं नाम तक नहीं आया। गली मोहल्ले वाले बच्चे तो कई बार ख़ुद मास्क मांगने आ जाते है और उन्होंने ही अमरो को मास्क वाली नानी का नाम दे दिया है। अब अमरो को कमाई तो कोई नहीं होती पर नाम बहुत कमा लिया है। अक्सर ऐसा होता है कि लोग छोटी सी बात से परेशान हो कर कोई ग़लत क़दम उठा लेते हैं तो कई लोग इस आपदा को अवसर में बदल कर मोटी कमाई में जुट जाते हैं, वहीँ कुछ आपको हमेशां ऐसे मिल ही जायेंगे जो हिम्मत ना हारते हुए, विपरीत परिस्तिथियों में भी दूसरों की मदद करने के लिए आगे आते हैं। उनमें से भी कुछ लोगों को तो दुनिया भर की वाहवाही मिल जाती है, हर अख़बार, न्यूज़ चैनल पर उनके चर्चे होते हैं पर ढेर सारे लोग अपना छोटा सा योगदान दे कर अमर हो जाते हैं। यह लोग किसी वाहवाही के भूखे होते भी नहीं हैं।


आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

1 comment:

  1. Beautiful flow and nice art of narrating the feel.

    ReplyDelete