Powered By Blogger

Sunday, 22 March 2020

कोरोना



यह कोरोना भी अजब-गजब तरह के नमूने सामने ले कर आ रहा है, नित नयी खोज सोशल मीडिया पर प्रकाशित और प्रेषित हो रही है। कभी कोई गाय के गोबर को लीपने की सलाह देता है तो कभी कोई गाय के मूत्र को पीने का टोटका भेज रहा है।  कोई गाय के दूध में हल्दी को हैल्थी बताता है तो कोई योगा से दूर होगा का नारा लगाता है। इस तरह की मूर्खता भरे संदेश न केवल अनपढ़ अपितु पढ़े लिखे लोग ज़्यादा प्रसारित कर रहे हैं।  शायद हम लोग कोरोना को गंभीरता से नहीं ले रहे और यह काम जनता से ले कर प्रधान सेवक तक लगभग सब कोई कर रहे हैं। 

इस सब के बीच हमारे परम प्यारे प्रधान सेवक जी ने एक नया शोशा छेड़ दिया, जनता कर्फ्यू का और ताली या थाली बजाने का ! अब लोग बाग़ यही समझ रहे हैं कि सरकार ने सुबह सात बजे से ले कर रात के नौ बजे तक का कर्फ्यू लगा दिया है और कोई भी बाहर घूमता दिखाई दिया तो पुलिस पकड़ लेगी।  कल से हमारे शहर में भी ऐसे ही हालात थे तो मंगू भिखारी, जिसे रोज़ बड़े चौराहे पर से अच्छी दिहाड़ी मिल जाती थी, का तो सारा दिन खराब ही निकला और पुलिस की डांट पड़ी सो अलग। 

सारा दिन गाड़ियों के पीछे दौड़ने वाले आवारा कुत्ते भी परेशान थे कि आज की कसरत कैसे होगी ? यह इंसानो को क्या हो गया अचानक से सारे कहाँ गुम हो गये ? अब सारे ढाबे-होटल और खाने-पीने वाले अड्डे बंद हैं तो खाएंगे क्या ? सड़कों पर लोग भी नहीं घूम रहे तो टांग भी पकडे तो किसकी ? वोह आपस में ही एक दूसरे को काटते और भोंकते रहे। शहर भर के कबूतर भी परेशान थे कि अचानक से इतनी शांति क्यों हो गई है ? अब वोह बीठ करें तो कौन सी गाड़ी पर ?  

पूरी दुनिया के शीर्ष नेता अपने देश के लोगों को जहाँ कोरोना से बचने के लिए और बचाने के लिए तरीके बता रहे हैं या ढूंढ रहे हैं वहीं हमारे देश के या यूँ कहूँ कि राज कर रही भाजपा के नेता रोज़ कुछ न कुछ ऐसा कर रहे हैं जिसे देख कर, सुन कर हसीं के साथ-साथ गुस्सा और शर्म भी आती है कि हमने कैसे लोगों के हाथ में देश दे रखा है। कभी कोई गो-कोरोना-गो के नारे लगा कर कोरोना ने निजात पाने का दावा करता है तो कभी कोई गौमूत्र की पार्टी मनाते हुए दिखाई देता है। हमारे प्रधान सेवक जी भी कोरोना को भगाने के लिए थाली, ताली या घंटा बजाने के लिए प्रेरित करते है और मासूम जनता उसी को रामबाण समझ कर आँख मूँद कर करती जाती है। 

इन सबसे हट कर एक और तरह की प्रजाति हमारे देश में पाई जाती है वो हैं वह लोग जिन्हे लगता है कि अगर वह भगवान की शरण में जायेंगे तो उन्हें कुछ नहीं होगा तो ऐसे लोग घर न बैठ कर इस वायरस को फैलने और फैलाने में मददगार साबित होते हैं।जबकि लगभग सारे के सारे धार्मिक स्थान बंद कर दिए गए हैं पर यह ऐसे कहाँ मानने वाले हैं, इन्हे तो नज़रबंद कर देना चाहिए। भगवान ही ऐसे लोगों को सद्बुद्धि या सबक दे ! वैसे सारी उम्र हम सरकार को कर देते रहते हैं पर मुसीबत के समय सरकार सब लोगों के लिए क्या कर रही है ? एक मास्क और सेनेटिज़ेर तक तो सरकार मुहैया करा नहीं सकी।  अब क्या उम्मीद करें और किससे उम्मीद करें बस खुद ही खुद की मदद करें ! वरना मेरे देश में तो दूध जाता है नाली में और मूत्र आता है प्याली में !बाकी आप सभी अपना ख्याल रखें और सरकार के भरोसे न रहें क्यूंकि यहाँ सरकार भी भगवान भरोसे ही चल रही है।




आज के लिए इतना ही ...||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

No comments:

Post a Comment