Powered By Blogger

Sunday, 15 July 2018

बचत


बचपन से ही हमें एक बात ज़रूर सिखाई गयी और वोह है बचत, छोटे होते तो नयी कॉपी पेंसिल या फिर रबड़, माता जी समझाया करती थी कि नयी तब मिलेगी जब पुरानी खत्म हो जाएगी और तब हम एक लाइन छोड़ कर लिखना शुरू कर देते थे या बड़ा-बड़ा लिखा करते थे और माँ के पूछने पर कहते थे कि टीचर ने कहा कि ऐसे लिखने से लिखाई सुधर जाएगी लेकिन फिर भी माँ कहती थी कि थोड़ा पेज बचा के लिखोगे तो यही कॉपी कम से कम एक हफ्ता और चल सकती है तो मन मार कर पेज बचा कर ही लिखना पड़ता था।  यही हाल पेंसिल का भी होता था, पैसे बचाने के चक्कर में वह छोटी से छोटी होती चली जाती थी और जब तक लगभग आधे इंच की बच जाती थी तब जाकर कहीं नयी पेंसिल मिला करती थी। रबड़ का हश्र भी कुछ ऐसा ही हुआ करता था जब तक पेज फटना शुरू न हो जाये, नया नहीं मिलता था।

फिर स्कूल यूनिफार्म की भी यही कहानी हुआ करती थी। बड़े भाई की छोटे को और छोटे भाई की चाचा जी के बेटे को, बचत ही तो हुआ करती थी। यहाँ तक कि पिताजी की पुरानी पेंट भी दर्ज़ी से ठीक करवा कर हमें पहना दी जाती थी और हम भी बड़े चाव से उसे पहन कर घूमा करते थे जब तक कि कोई मौसी, मामी, ताई या चाची कह नहीं देती थी, अरे यह तो वही पेंट है ना जो मैंने तेरे पापा को दी थी पांच साल पहले, देखो अभी तक कपडा ठीक है।  बस यहीं मन खट्टा हो जाता था और फिर यह संकल्प लिया जाता था कि अब यह पेंट दोबारा उनके यहाँ नहीं पहनी जाएगी। सुबह सुबह जब नहाने के लिए ग़ुसलख़ाने में भेज दिया जाता था या यूँ कहिए बंद कर दिया जाता था तो नहाने का मन तो होता नहीं था फिर भी समय व्यतीत करने के लिए रात की भरी बाल्टी में बुलबुले फोड़ते रहते थे तब भी बाहर से आवाज़ आया करती थी कि समय की बचत करना  सीखो, जल्दी से तैयार हो जाओ, स्कूल के लिए देर हो रही है।

थोड़े बड़े हुए तो कॉलेज के लिए जो जेब खर्ची मिलनी शुरू हो गयी तो उस में से भी थोड़े पैसे बचा कर रखे जाने लगे कि कहीं कोई नयी फ़िल्म देखने जाना पड़ सकता है या फिर जन्मदिन की पार्टी देनी पड़ सकती है। वैसे भी कुछ नए कपड़े तब भी कॉलेज पहनने को नसीब नहीं होते थे और किसी ख़ास दिन के लिए संभाल कर या बचा कर रखे जाते थे। फिर वोह ख़ास दिन आता था और तब वो बचा कर रखे गए कपडे या तो टाइट हो चुके होते थे या फिर हम खुद उन कपड़ों के हिसाब से बड़े। कई बार तो अपने ख़ास दोस्तों को दुसरे दोस्तों से भी बचा कर रखना पड़ता था कॉलेज के दिनों में कि कहीं मेरी दोस्त को कोई और न छीन ले। पिता जी अक्सर इस बात पर डांट दिया करते थे कि तुम लोग जब भी घर से बाहर निकलते हो तो बत्ती और पंखा बंद क्यों नहीं करते, जब बिल आता है न तब पता चलता है, बेटा थोड़ा बचत करना सीखो।


यही बात पिता जी के ख़ास दोस्त सोढ़ी अंकल ने मेरी पहली तनख्वाह की बधाई देते हुए भी दी थी कि बेटा अब तुम कमाने लगे हो तो थोड़े पैसे बचाने भी सीख लो, एक काम करो कल मेरे बैंक में आ जाना मैं तुम्हारे खाते से हर महीने थोड़े-थोड़े पैसे निकाल कर एक अलग स्कीम में डाल दूंगा।  साल भर में जो पैसे जमा होंगे उनसे एक एफ डी बना देंगे और फिर वोह पैसे पांच साल में दुगने और बेटा, जब तक तुम्हारी शादी होगी तब तक तुम्हारे पास खुद के ढेर सारे पैसे होंगे।  तो बेटा कल मिलते हैं बैंक में ! न वह कल आया न बचत हुई और ना ही ढेर सारे पैसे मिले। पर धीरे-धीरे सोढ़ी अंकल की बात ज़रूर समझ आयी कि कहते तो सही थे फिर यह भी समझ आया कि बचत कभी भी की जा सकती है। तब जिस किसी दोस्त से बात की तो यह महसूस हुआ कि हम सब एक बीमारी से लड़ रहे हैं जिसका नाम है - ज़िंदगी !


सारी उम्र बस इस बचत के चक्कर में निकल जाती है और फिर एक दिन चार-पांच रिश्तेदार और दोस्त आखिरी सफर पर कंधो पर उठा कर चल पड़ते हैं फिर इंसान सोचता है - बचा क्या ? कुछ भी तो नहीं ! इसलिए अगर बचत करनी ही है तो एक-दो अच्छे दोस्त बचा कर रखिये जो आपकी बुरी आदत या किसी गलती को बेझिझक आपके मुँह पर बता सकें, दो-चार रिश्ते बचा कर रखिये जो बुरे समय में काम आ सकें।  एक आध अच्छी आदत बचा कर रखिये, एक अच्छा दिल जो दूसरों के जज़्बात को समझ सके और एक दिमाग जो थोड़ा सा खुला हो, जो किसी भी बात को सकरात्मक ढंग से देख सके बस यही सच्ची बचत है।


आज के लिए इतना ही। ...


||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

No comments:

Post a Comment