छुट्टी माने एक दिन के लिए अपनी दिनचर्या से छुटकारा,निजात या एक छोटी छूट। अब इस छुट्टी के अलग-अलग मायने हैं, कई बार छुट्टी का मतलब काम से निकाला जाना भी हो सकता है और कई बार किसी काम से छुटकारा पाना भी हो सकता है। आम तौर पर छुट्टी को सब से ज़्यादा बच्चे समझते और भोगते हैं तभी तो जैसे ही स्कूल की घंटी बजती है वो दौड़ कर निकल पड़ते हैं गेट की तरफ जहाँ पर उनके साइकिल हो सकते हैं या फिर घर तक छोड़ने और पहुँचाने के लिए बस, ऑटो या कोई और ले जाने के लिए प्रतीक्षा कर रहे हो सकते हैं। छुट्टी होते ही एक अलग सी तरह की फुर्ती भर जाती है क़दमों में, उछलते - कूदते बच्चे अपने घर की तरफ निकल पड़ते हैं। सभी के दिमाग में अलग-अलग विचार चल रहे होते हैं, कोई सोचता है कि आज घर पहुँच कर माँ के हाथ की बनी रोटी खाने को मिलेगी तो कोई सोचता है कि घर पहुँच कर स्कूल का काम निपटा कर दोस्तों के साथ खेलूंगा या पापा जी की लायी हुई गेम से खेलूंगा या पुरानी, अधूरी पेंटिंग बनाऊंगा या आगे आने वाली परीक्षा की तैयारी करूंगा। कुछ बच्चे यह भी सोचते हैं कि घर ना जाकर पापा की दुकान पर ही चलते हैं वहां पापा को थोड़ी मदद हो जाएगी और वहीँ बैठ कर अपना होमवर्क निपटा लिया जाये। कई बच्चे ऐसे भी होते हैं जिन्हे घर चलाने के लिए स्कूल के बाद काम भी करना पड़ता है तो ऐसे बच्चे स्कूल से सीधे अपने काम पर चले जाते हैं और फिर देर रात तक बैठ कर होमवर्क करते हैं।
छुट्टी ऑफिस के लोगों को भी बहुत भाती है जब भी कभी बड़े अधिकारी कहीं बाहर गए होते हैं तो नीचे काम करने वाले बड़ा मज़ा करते हैं और उन दिनों में छुट्टी जैसा माहौल ही बना लेते हैं। छुट्टी का असली मज़ा तो सरकारी कर्मचारी लेते हैं, क्यूंकि वह तो वैसे भी काम कम ही करते हैं और ऊपर से सोने पे सुहागा अगर दो या तीन छुट्टियां एक साथ आ जाएँ। अक्सर ऐसा कहा और समझा जाता है कि सबसे ज़्यादा छुट्टियां स्कूल में पढ़ाने वाले अध्यापकों को मिलती हैं एक तो साल में पचास से ज़्यादा इतवार, फिर पचासियों त्यौहार, ऊपर से गर्मी- सर्दी की छुट्टियां,लगभग डेढ़ सौ छुट्टियां तो हो ही जाती होंगी | अब काम भी सारा दिन नहीं करना पड़ता कभी कोई सरकारी ड्यूटी तो कभी कोई, कभी मतदान तो कभी जनगणना। वैसे भी सारे दिन में एक-दो पीरियड की छुट्टी हो ही जाती है। मज़े हैं !
ठीक इसी तरह सरकारी बैंक वाले भी छुट्टी के पूरे मज़े लेते हैं ख़ास करके जूनियर स्टाफ, कभी दो-तीन छुट्टिआं लगातार आ जाएँ तो इनका अगले दिन भी मन तो छुट्टी वाला ही रहता है, खैर यह लोग तो वैसे भी पूरी मस्ती से काम करते हैं, धीरे-धीरे। आप सुबह डिमांड ड्राफ्ट बनवाने जाओ तो कहेंगे दोपहर के बाद ले जाना बना के रखूँगा पर बनाते तभी हैं जब आप दोबारा बैंक में आ जाओ। छुट्टी कई बार चुभती भी है जब आपका अपना बिज़नेस हो तब। तब तो कई बार लगता है कि घर बैठ कर क्या करेंगे अगर धंधे पर होते तो कुछ पैसे ही कमा लेते यहाँ तो घरवाले पीछे पड़े हैं कि फलां चीज़ दिलवा दो, फलां पिक्चर दिखा दो या वो खिला दो।
सबको छुट्टी होती है बस घर चलाने वाली महिलाओं को छुट्टी नहीं होती बल्कि छुट्टी वाले दिन अक्सर उनका काम बढ़ जाता है, एक तो पति देव घर पर ऊपर से बच्चों को भी छुट्टी ! अब दूध वाला, कूड़ा उठाने वाला और घर पर काम करने वाली बाई तो अपने समय पर ही रोज़ की तरह ही आएंगे। पतिदेव तो मज़े से यह कह कर सोये थे कि "मुझे सुबह जल्दी मत जगाना " यही छूट बच्चों को भी मिल जाती है परन्तु पत्नी जी का सारा टाइम टेबल बिगड़ जाता है, देर से नाश्ता फिर कभी दोपहर का खाना खाया तो खाया नहीं तो शाम को फिर से पतिदेव या बच्चों की फरमाइश कि पकौड़े तल लो या कुछ और बना दो। बस छुट्टी का सारा दिन किस तरह निकल जाता है कि पता ही नहीं चलता और ज़्यादातर औरतें इस दिन को बहुत पसंद भी करती हैं क्यूंकि आज दिनों बाद सबने साथ बैठ तसल्ली से खाना खाया वरना तो सब जल्दी में ही नाश्ता करते है किसी की स्कूल बस तो किसी की ऑफिस का टाइम हुआ जा रहा होता है। कभी तो उनको भी छुट्टी होनी चाहिए !
इति आज के लिए इतना ही मेरी भी छुट्टी हो गयी है !

No comments:
Post a Comment