जमाई
दामाद या जमाई, सुनने में तो तीन अक्षर का छोटा सा शब्द है परन्तु अगर कहीं बिगड़ जाये तो घर में भूचाल भी ला सकता है। यूँ तो जमाई को घर का बेटा भी कहा जा सकता है और कुछ लोग कहते-मानते भी हैं पर फिर भी ज़्यादातर ऐसा नहीं होता। कुछ लोग जमाई बन कर ऐसे इतराते हैं मानो कोई किला फ़तेह कर लिया हो। असल में भाई साहब लड़की के लिए कोई अच्छा घर और वर नहीं मिल रहा था इस लिए मजबूरी में आपके साथ ही बेटी ब्याहनी पड़ी वर्ना आप में कोई सुरख़ाब के पर नहीं लगे हुए जो इतना उड़ रहे हो (ऐसा लड़की के माँ-बाप बाद में सोचते हैं) जमाई कभी-कभी ऐसे पेश आते हैं जैसे कि वोह ससुराल नहीं किसी होटल में आए हुए हैं और हर माल मुफ्त है और ससुराल का हर व्यक्ति एक वेटर।
ऐसे जमाई से आप जब भी कुछ खाने-पीने के लिए पूछो तो पहला जवाब ना में ही आएगा और अगर आपने दोबारा नहीं पूछा तो ये उलाहना पक्का है कि आपने ठीक से पूछा नहीं, जबकि अपने खुद के घर में चाहे कोई दामाद जी को खाने के लिए पूछता भी न हो वहाँ सिर्फ इतना बता दिया जाता हो कि खाना बना कर रखा है जब भूख लगे तो खा लेना। मियां, इस से ज़्यादा तो लोग अपने पालतू को कहते रहते हैं कि खाना खा ले, दूध पी ले। और एक आप हैं कि जैसे ही ससुराल में कदम रखा, खुद को किसी रियासत के राजकुमार समझने लगते हो।
ऐसे जमाई को जब आप कोई चीज़ खाने के लिए तीन-चार बार पूछ लो तो भी ये एक छोटा सा टुकड़ा तोड़ कर खाएंगे क्यूंकि इनका अहम् पेट की भूख से ज़्यादा बड़ा होता है। जब ऐसे लोगों के सामने आप घर का बना खाना रखो तो ये कहेंगे - मुझे तो ये बाज़ार के बने हुए बड़े अच्छे लगते हैं। और जब आप अगली बार बाज़ार का बना खाना परोसो तो ये कहेंगे- मुझे तो एसिडिटी होती है इस लिए बाहर का खाना बंद किया हुआ है। अगर आपने तीसरी बार भी वही खाना उनके सामने परोस दिया तो घर पहुँचते ही पत्नी को कहेंगे - हर बार एक जैसा खाना ही खिलाते हैं तेरे मायके वाले ! भाई साहेब, जमाई जी, आप खुद तो तय नहीं कर पाए की आपको अच्छा क्या लगता है और दूसरों को कह रहे हो कि ख़ातिरदारी नहीं की, कुछ तो शर्म करो, अपने यहाँ आपको कोई पूछता भी नहीं और चुपचाप टिन्डे, कद्दू, बैंगन यहाँ तक कि रात की बासी रोटी तक खा जाते हो ये ससुराल में आकर क्यों राजकुमार बन जाते हो ?
ऐसा नहीं है कि सभी जमाई नखरे वाले होते हैं, काफी लोग जो थोड़ा सा दिमागी संतुलन रखते हैं और अपने ससुराल वालों की भावनाओं की बहुत कद्र करते हैं और सच में अपने घर जैसा प्यार और इज़्ज़त पाते हैं। वैसे इंसान को होना भी ऐसा ही चाहिए क्यूंकि अगर आप अपने ससुराल को ससुराल या कोई दूसरा घर मानते रहे और ठीक वैसा ही आपकी पत्नी भी करती रही तो जल्द ही आप अपने खुद के परिवार से दूर हो जाओगे या फिर एक तनाव भरा जीवन व्यतीत करने लगोगे, ससुराल में आपके द्वारा किये गए बर्ताव का असर आपको अपने खुद के घर में नज़र आएगा। आपके अच्छे व्यहार से कम से कम दो घरों माहौल अच्छा और खुशमय हो जाये तो और क्या चाहिए ?
कुछ लोग दामाद से आगे बढ़, घर जमाई भी बन जाते हैं, हालाँकि ये शब्द सुनने में कोई बहुत अच्छा तो नहीं लगता पर अगर परिवार की नज़र से देखो तो बहुत अच्छा लगने लगता है और जो भ्रांति समाज ने फैलाई हुई है उससे कहीं हट के हो सकता है। यही दामाद पुत्र बन के रहते हैं। बाकी समाज है कुछ तो कहेगा, उसकी तरफ ज़्यादा ध्यान देने की ज़रुरत नहीं है। मेरी इन बातों से अगर किसी को लगता है कि ये उनके बारे में लिखा गया है तो आप ठीक समझे हैं, आपको जल्द से जल्द सुधर जाना चाहिए और अपने ससुराल में किए जा रहे बर्ताव को ठीक कर लेना चाहिए। इससे ना केवल आपकी इज़्ज़त बढ़ेगी बल्कि आपकी ख़ुशी भी बढ़ जाएगी। कई लोग अपने पिता,भाई या जीजा के अच्छे व्यहार से सीख लेते हैं जबकि कुछ अपने जीजा के दुर्व्यहार से उनके जैसे बन जाते हैं, यह तो अपनी-अपनी सोच है या माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कार।
खैर, आज के लिए इतना ही...
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script><script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({enable_page_level_ads: truegoogle_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });</script>

Sahi kaha
ReplyDeleteGood thought
Thanks !!
Delete