Powered By Blogger

Monday, 17 April 2017

शोर-धार्मिक शोर..

जब सुबह-सुबह घर में नल ने किसी बजुर्ग के मांनिद खाँसते हुए अंदर आने की इजाजत मांगी तो मेरी भी आँख खुल गयी,अभी थोड़ा अँधेरा सा ही लग रहा था, दूर कहीं से चौकीदार की लाठी पटकने की आवाज़ अभी आ रही थी मानो अँधेरे को आख़िरी धमकी देकर भगाना चाहता हो ,शायद सूरज का भी आज मन नहीं था काम पर आने का क्योंकि उसका दोस्त बादल आया हुआ था और दोनों जैसे आँख मिचौली खेलने में लगे थे। कुछ पड़ोस में रहने वाली गोरैया ने भी शोर मचा रखा था, लगता था आज सवेरे-सवेरे ही चिड़े से किसी बात पे कहासुनी हो गयी थी।अभी ज़रा सुस्ता ही रहा था कि अख़बार वाले ने इतने ज़ोर से अख़बार को फेंका कि ज़रूर कुछ ख़बरें टूट-फूट गयी होंगी या कम से कम तोड़ मरोड़ तो दी होंगी, चलो रही होगी उसकी भी कोई खुन्नस इन ख़बरों के साथ, या शायद सवेरे उठने का मन नहीं रहा होगा !
इतने में मेरे घर के पास बने हुए दो तीन-चार धार्मिक स्थानों में से एक धार्मिक स्थान के सेवादार ने लाउड-स्पीकर चला कर अपनी जाति के लोगों को जगाने की क्रिया शुरू की।  उसके देखा-देखी दूसरी और फिर तीसरी-चौथी दुकान के सेवादार/महंत/ग्रंथि/पुजारी ने भी अपने धर्म के इष्टदेव के नाम के गुणगान करने वाले गाने/भजन/शब्द कर्णभेदी सुर या शायद बेसुर बिखेरने शुरू कर दिए।  अब तो कुछ खिचड़ी सी कानों तक पहुँच रही थी परन्तु समझ कुछ नहीं आ रहा था, कभी कोई आलाप तो बीच में ही कोई पाठ या ढोलक की थाप सब कुछ इतना घुलमिल के सुनाई दे रहा था।  किसी सब्ज़ी-मंडी की सी फीलिंग आ रही थी मानो हर दुकान वाला चिल्ला-चिल्ला कर अपने ग्राहकों को आकर्षित कर रहा हो !! भले ही मेरे  देश में धर्म अलग-अलग हैं पर सबका प्रचार का तरीका एक सा है - शोर मचा कर। वाह, अनेकता में एकता !! 

पिछले कुछ दिनों में सर्वोच्च न्यायालय की एक फटकार ने राष्ट्रया राज मार्ग से सारे ठेके आनन -फानन हटा दिए, फिर भारत स्टेज तीन के वाहन भी ऐसे ही हटा दिए गए मगर ये भोंडे भोंपू कब हटेंगे कुछ पता नहीं।  आज भी उस कवितामय मूड को घबराहट में बदल के रख दिया।  अभी मैं भक्त कबीर जी के बारे में कुछ कह दूँ तो वो सबके धर्म गुरु बन जायेंगे और मेरे खिलाफ मोर्चा खोल डालेंगे, हो सकता है कोई फ़तवा भी जारी कर दें पर खुद कबीर जी ने क्या कहा वो समझने का प्रयास कभी नहीं करेंगे।
कबीर जी ने ही तो कहा था -

"कांकर पाथर जोरि के ,मस्जिद लई चुनाय |
ता उपर बांग दे, क्या बहरा हुआ खुदाय ||”

(अर्थ :- कबीर कहते हैं कि इधर-उधर के कंकड़-पथ्थर जोड़ कर मस्जिद तो बना ली,अब उसके भी ऊपर चढ़ कर शोर क्यों मचा रहे हो, क्या खुदा बहरा है ?)

”हिन्दू कहें मोहि राम पियारा, तुर्क कहें रहमाना,
आपस में दोउ लड़ी-लड़ी मुए, मरम न कोउ जाना।”

(अर्थ : कबीर कहते हैं कि हिन्दू राम के भक्त हैं और तुर्क (मुस्लिम) को रहमान प्यारा है. इसी बात पर दोनों लड़-लड़ कर मौत के मुंह में जा पहुंचे, तब भी दोनों में से कोई सच को न जान पाया।)
धर्म भीतर की आवाज को सुनने का साधन है। इसके लिए गहन शांति होना चाहिए न कि कभी कीर्तन दरबार,जगराता, शोभा यात्रा या नगर कीर्तन। अब कोई भी सुप्रीम कोर्ट की बात क्यों नहीं मानता ? कोई भी नेता क्यों नहीं ये मुद्दा संसद में उठाता ? क्यूंकि इसी शोर के बीच में कई मुद्दे छुप जाते हैं, कई काले धंदे सफ़ेद हो जाते हैं, कई कुकर्म लुक-छुप जाते हैं और सभी नेताओं की दुकानदारी इसी तरह चलती रहती है।

मैं इस लाउड-स्पीकर, डी.जे. प्रथा के सख्त खिलाफ हूँ  ! भाई साहिब अगर मुझे भक्ति करनी होगी तो मैं अपने-आप कर लूँगा कृपया आप भोंपू लगा कर मुझे भक्ति करने के लिए मजबूर न करें !!

शोर-धार्मिक शोर..
|| इति || 

2 comments:

  1. Even religion knows its business .........to extend the reach you have to increase the decibel levels.

    ReplyDelete
  2. Right said
    Jahan khuda sach main rehta hai vahan ki awaaz to koi sunta nahi
    In patharon ke gharon ke shor main se sab Shanti dundte hain

    ReplyDelete