"लॉटरी का टिकट"
समीर के घर के हालात बहुत अच्छे नहीं थे, किसी प्राइवेट कंपनी में क्लर्क का काम करता था, छोटी सी तनख्वाह में घर का गुज़ारा बड़ी मुश्किल से चलता था और ऊपर से छोटी बहन की पढ़ाई, खुद के बच्चों के खर्चे और इन सबके ऊपर बीमार पिता के इलाज का बोझ, समीर थोड़ा खिन्न सा रहने लगा था । समीर बड़ी लगन से काम करता था और अक्सर कुछ इधर-उधर के काम भी पकड़ लेता था ताकि थोड़े और पैसे बन सकें परंतु फिर भी बहुत परेशानी बानी रहती थी । बहन सुजाता की किताबें पुरानी खरीद के देने में भी बहुत खर्चा लगता था, बच्चों के कपड़े तो मानो रोज़ छोटे ही होते जाते थे और पिताजी की दवाईयाँ हर दिन महँगी !
एक दिन समीर ने अखबार में एक लॉटरी का विज्ञापन देखा तो मन हुआ कि क्यों ना एक टिकट खरीद के देखा जाये, क्या पता किस्मत में क्या लिखा हो ? समीर ने झिझकते हुए ये बात पत्नी सुनीता को भी बताई तो उसने भी हाँ में हाँ मिलाते हुए कहा कि हमें ये टिकट ज़रूर खरीदनी चाहिए । अगले ही दिन ऑफिस से घर आते हुए समीर टिकट लेने के लिए एक दुकान में जा पहुँचा। हालाँकि उसे अंदर से बड़ी झिझक सी हो रही थी क्योंकि उसने कभी भी लॉटरी का टिकट नहीं खरीदा था, कुछ शर्म सी भी महसूस हो रही थी पर किसी तरह से समीर ने वो टिकट खरीद ही ली । घर आकर समीर ने सुनीता को टिकट थमा दी और सुनीता ने वो टिकट घर में स्थापित छोटे से मन्दिर में भगवान की मूर्ति के नीचे रख दी और मन ही मन ढेर सारी प्रार्थना कर डाली ।
लाटरी का ड्रा निकलने में लगभग एक महीना पड़ा था लेकिन समीर अभी से अपने आप को पहले इनाम के विजेता के रूप में देखने लगा था । उस रात समीर सोचता रहा कि अगर उसका पहला इनाम निकल आया, जो कि एक करोड़ रूपए था, तो वो क्या करेगा । कभी सोचता कि तब नौकरी छोड़ कर अपना कोई काम धंदा शुरू करूँगा , फिर सोचता कि बहन सुजाता को बड़े कॉलेज में दाख़िला दिला दूँगा और कुछ सालों में उसकी शादी बड़ी धूमधाम से करूँगा , कभी सोचता कि पिताजी का ईलाज शहर के सबसे महँगे वाले डॉक्टर से करवाऊंगा तो कभी सोचता सुनीता को कहीं दूर अच्छी जगह घुमाने ले जाऊँगा, कभी सोचता बच्चों को नए-नए कपडे, खिलौने ला कर दूंगा, तो कभी अपने लिए किसी गाड़ी का सपना देखने लगता ।
इस एक महीने में समीर जाने कितने सपने देख गया कि पता ही नहीं चला कब ये महीना खत्म होने को आ गया । समीर ने सुना था की काले धन को ठिकाने लगाने के लिए अमीर लोग लॉटरी का टिकट महँगे दाम में खरीद लेते हैं तो उसने अपने मालिक से यूँ ही बातों-बातों में पूछ लिया कि अगर किसी की लॉटरी निकली हो तो उसकी टिकट कितने में बिक जाएगी ? मालिक ने बताया कि ये तो खरीदने वाले पर निर्भर होता है, वैसे टैक्स काट के एक करोड़ के 66 लाख मिलते हैं तो वो लोग कम से कम सत्तर लाख में तो ख़रीद ही सकते है या इससे ज़्यादा भी हो सकता है । समीर को ये बात बहुत भा गयी और उस रात जितने भी सपने आये वो अस्सी लाख को ठिकाने लगाने के ही आये, कि वो कैसे सेठ जी के पास गया और कैसे उसने सेठजी को मनाया की उसे अस्सी लाख ही चाहिए, और सेठजी मान भी जाते हैं और उसे पहले चालीस लाख दे दिए जाते हैं, समीर उन चालीस लाख से अपने घर को ठीक-ठाक करता है और अपने लिए कोई काम-धंदा शुरू करता है , चालीस लाख से वो सुजाता की शादी करता है,पिताजी का इलाज होता है बच्चे शहर के सबसे महँगे स्कूल में पढ़ने लगे हैं और अब वो पत्नी सुनीता के साथ घूमने के लिए कहीं घूमने के लिए आये हुए हैं अभी ऐसा सपना चल ही रहा था कि सुनीता ने समीर को आवाज़ लगायी कि उठो और पड़ोसियों से अखबार माँग लाओ क्योंकि आज तो लॉटरी का रिजल्ट आना है ।
समीर झट से उठ गया और मुहं धो के भगवान का नाम लेते हुए पड़ोसियों के घर की तरफ भाग गया, बड़े ही उतावलेपन से अखबार माँगा और घर की तरफ लपक लिया, घर पर सुनीता भी हाथ में लॉटरी का टिकट लिए भगवान का नाम जप रही थी । समीर ने कांपते हुए हाथों से अखबार के पन्ने पलटने शुरू किये, हाँ रिजल्ट आया हुआ था, समीर और सुनीता के दिल की धड़कन बढ़ी हुई थी, समीर ने पहले ईनाम में अपना नंबर खोजा लेकिन वो वहां नहीं था, सुनीता ने एक बार फिर से पढ़ा लेकिन नहीं था । अब समीर बाकी के नंबर देखने लगा, पर उनके वाला नंबर कहीं भी नहीं था, बड़े ही उदास मन से समीर ने अखबार को वापिस तह लगा दिया और सुनीता अपने हाथ में पकड़ी टिकट को देखती रही , आज समीर का मन नहीं हुआ कि वो काम पर जाये । दोनों एक दुसरे की तरफ़ देखने तक से कतरा रहे थे, किसी तरह हिम्मत करके सुनीता ने बात शुरू की और बोली चलो कोई नहीं, शायद भगवान को कुछ और ही मंज़ूर होगा, भगवान ये चाहते ही नहीं की हमें मुफ़्त के पैसे मिलें, वो चाहते हैं की हम मेहनत की खाएँ । समीर की भी थोड़ी हिम्मत बढ़ी और वो बोला "सुनीता, बात तो तेरी ठीक है पर ये तो सोच कि इस सौ रुपये की वजह से हमारा पिछला एक महीने को कितना ख़ुशी-ख़ुशी निकल गया "
समीर-सुनीता दोनों ने ये बात सुजाता को बताई तो वो भी यही कहने लगी कि उसे क्या पता था कि ख़ुशी इतनी सस्ती होती है, चलो इसी बहाने ही सही हम सबने एक महीना एक उम्मीद में तो काट लिया । समीर आज ऑफिस तो जाने वाला नहीं था इसलिए उसने फैसला किया कि आज का दिन वो पूरे परिवार के साथ ही बिताएगा, सुनीता भी झट से उठ कर रसोई में समीर के मनपसंद खाना बनाने लग गयी !!
॥ इति ॥
॥ इति ॥
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>

No comments:
Post a Comment